जेडीयू नेता और बिहार सरकार के मंत्री महेश्वर हजारी (Maheshwar Hajari) के बेटे सन्नी हजारी को कांग्रेस पार्टी ने समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया है। लेकिन इससे लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान भड़क गए हैं। चिराग ने महेश्वर हजारी पर बड़ा आरोप लगाते हुए पशुपति पारस के साथ विवाद में उनको जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि 2021 में हमारी पार्टी को तोड़ने में महेश्वर हजारी की अहम भूमिका थी, वो हमारे परिवार को तोड़ने का काम किए। महेश्वर हजारी जी अपने आप को मेरा परिवार कहते हैं। लेकिन वह पासवान जाती को तोड़ने में हर समय आगे रहे हैं। 2009 में वह हमारे पिता के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे थे।
महेश्वर हजारी पर भड़के चिराग पासवान
पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि यह (महेश्वर हजारी) वही लोग हैं जिन्होंने अनुसूचित जाति को तोड़ा है, यह वही लोग हैं जो रामविलास के खिलाफ लगे रहे हैं। हमारी कम्युनिटी को तोड़ने में इन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी। यह वही लोग हैं जिन लोगों ने हमारे पासवान जाति को तोड़ा है। चुनाव का समय है इस पर जनता फैसला करेगी, लेकिन हमें नहीं लगता है कि हमारी कम्युनिटी का कोई भी सदस्य उनके साथ जाएगा। उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं जो रामविलास जी को गाली देते रहे और आज उनके साथ चुनाव लड़ रहे हैं जिन्होंने हमारे माता जी को गाली दी है।
उजियारपुर से NDA प्रत्याशी नित्यानंद राय ने किया नॉमिनेशन… कहा- इस बार देश में 400 पार जा रहे हैं
चिराग पासवान ने शांभवी को दिया है टिकट
बता दें कि समस्तीपुर लोकसभा सीट चिराग पासवान की पार्टी लोजपा रामविलास के खाते में है और उस सीट पर चिराग पासवान ने बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी की बेटी शांभवी चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। हालांकि महेश्वर हजारी उस सीट पर अपने बेटे सन्नी हजारी के लिए चिराग पासवान के पास कई बार चक्कर लगा चुके थे। सन्नी हजारी समस्तीपुर लोकसभा के लिए पहले से तैयारी भी कर रहे थे, लेकिन चिराग पासवान ने उन्हें टिकट नहीं दिया। अब सन्नी हजारी कांग्रेस के सिंबल पर समस्तीपुर से लड़ेंगे और उनका मुकाबला शांभवी चौधरी से होगा।