बिहार में लगातार बड़े-बड़े नेताओं द्वारा रोड शो और जनसभा किया जा रहा है। ऐसे में बुधवार को जेपी नड्डा बिहार के 3 जिले के दौरे पर थे। उन्होंने पहले भागलपुर, फिर खगड़िया और अंत में झंझारपुर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान झंझारपुर में उनके साथ मुकेश सहनी समेत बिहार के उपमुख्यमंत्री सह बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी मौजूद रहे।
लोकसभा क्षेत्र के राजनगर के राज मैदान में NDA की चुनावी सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न नेताओं ने झंझारपुर के NDA प्रत्याशी और जदयू के नेता रामप्रीत मंडल के लिए झंझारपुर लोकसभा से वोट मांगा।
जानकारी के अनुसार मंच पर मौजूद सभी नेताओं ने अपने-अपने अलग-अलग अंदाज में उपस्थित समर्थक और जनता से वोट करने की अपील की। वहीं, मंच पर संबोधित करने आए दरभंगा जिला और मधुबनी लोकसभा के बिस्फी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने कहा कि इस बार महाभारत की लड़ाई है। लेकिन इस लड़ाई में तीर धनुष नहीं चलेगा वोट चलेगा। उन्होंने भीष्म और द्रोणाचार्य का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे अर्जुन ने गुरु और दादा पर निर्ममता पूर्वक बाण चलाया था, वैसे ही आपलोगों को अपना वोट रूपी बाण इन सभी मायावी(महागठबंधन) लोगों पर चलाना है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि इसी प्रकार जो भी मायावी लोग खड़े हैं, उनके खिलाफ एक-एक वोट देना पड़ेगा।
आगे उन्होंने कहा कि आप देख रहे हैं कि अयोध्या में राम मंदिर बन गया है। काशी विश्वनाथ भी सज कर तैयार हो गया है। इस बार के वोट से मथुरा में भी कृष्ण का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि एक तरफ ऐसी पार्टी है, जो भ्रष्टाचार का पोशाक है। वहीं दूसरी तरफ राष्ट्र निर्माण की पार्टी है। भ्रष्टाचारी और परिवारवाद के पेट पर लात चला देना है। उन्होंने नरेंद्र मोदी का नाम लेते हुए कहा कि उनके पीछे हम लोगों को लग जाना है। इसके बाद हमें कोई दिक्कत नहीं होगी। इस बार झंझारपुर में ऐतिहासिक मत से विजयी होंगे।