झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां स्कूल बस पलट जाने से 15 बच्चे घायल हो गए। यह घटना मंदार स्थित सेंट मारिया स्कूल के पास हुई है। बताया जा रहा कि स्कूल बस में कुल 30 बच्चे सवार थे। घायल बच्चों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बस सेंट मारियस स्कूल की है। मांडर थाना प्रभारी राहुल कुमार स्थानीय लोगों के साथ बच्चों को बस से निकालकर अस्पताल ले गए हैं। खलारी डीएसपी रामनरायण चौधरी ने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सेंट मारियस स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक तीखे मोड़ पर बस अनियंत्रित हो गयी और सड़क किनारे एक खेत में पलट गई। बस पलटते ही बच्चे चिल्लाने लगे। बस दरवाजे से दाहिनी ओर मुड़ गई थी इसलिए कोई भी बच्चा चाहकर भी बस से बाहर नहीं निकल पा रहा था।
इसी बीच मामले की जानकारी स्थानीय लोगों को हुई। जिसके बाद मांडर थाने को भी हादसे की सूचना दी गई। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मांडर पुलिस के साथ मिलकर बस का पिछला शीशा तोड़कर सभी बच्चों को बाहर निकाला।
अभिभावकों ने यह आरोप लगाया है कि आज बस 45 मिनट लेट आई थी। ऐसे में समय की भरपाई के लिए ड्राइवर तेज गति से गाड़ी चला रहा था। साथ ही वह फोन पर किसी से बात भी कर रहा था। इसी वजह से ये हादसा हुआ। अब इस घटना के बाद से पुलिस एक्टिव है और मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के बाद से बस चालक मौके से फरार हो गया है। आरोपित बस ड्राइवर की तलाश की जा रही है।