लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर हर जगह चुनावी माहौल है। कई दलों के नेता अपनी पार्टी को छोड़ दूसरे पार्टी में शामिल हो रहे। तो कई नेता एक दूसरे पर हमलावर हो रहा है। वहीं, लोकसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन की ओर से मंगलवार को कांग्रेस ने झारखंड में तीन सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का एलान कर दिया है। इस लिस्ट में गोड्डा सीट शामिल है।
गोड्डा सीट पर भाजपा की ओर से निशिकांत दुबे चुनाव लड़ेगे। वहीं कांग्रेस ने निशिकांत दुबे के सामने विधायक दीपिका पांडेय सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है। इससे यहां के महागठबंधन कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है। कार्यकर्ताओं ने गोड्डा लोकसभा से पहली बार महिला को प्रत्याशी बनाए जाने और दीपिका पांडे सिंह पर भरोसा जताने के लिए आलाकमान के प्रति आभार प्रकट किया है।
बता दें कि दीपिका पहली बार महागामा विधानसभा से 2019 में विधायक बनी हैं। इनके ससुर अवध बिहारी सिंह एकीकृत बिहार में चार बार विधायक और वर्ष 1983 से फरवरी 1990 तक पथ निर्माण मंत्री रह चुके हैं। अवध बिहारी सिंह वर्ष 1972 में पहली बार जनसंघ से विधायक बने। इसके बाद 1980 से लगातार 1995 तक तीन बार कांग्रेस से विधायक बने। 1995 में भाजपा से अशोक कुमार भगत ने उन्हें पराजित किया। वर्ष 2019 में दीपिका पांडेय सिंह ने अपने राजनीतिक विरासत को वापस ले लिया।