बिहार के सबसे प्रभावी नेताओं में से एक लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य इन दिनों सारण लोकसभा सीट से अपना राजनीतिक वर्चस्व बनाने में लगी है। लोकसभा चुनाव में वह भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी के खिलाफ चुनाव लड़ रही है। ऐसे में सोमवार को उन्होंने सारण लोकसभा सीट से अपना नामंकन दाखिल किया। जहां रोहिणी आचार्य को नामांकन के वक्त अपने संपत्ति का ब्योरो देना पड़ा।
बता दें कि रोहिणी आचार्य के शपथ पत्र के अनुसार वह करोड़पति हैं और 20 लाख रुपया लेकर मैदान में उतरी हैं। नामांकन के समय दिए गए शपथ पत्र में रोहिणी ने कहा है कि उनके पास इन हैंड 20 लाख, जबकि पति समरेश सिंह के पास 10 लाख रुपए हैं। उनके पास दो करोड़ 99 लाख 55 हजार 925 रुपए की कुल संपत्ति है। वहीं उनके पति के पास 6 करोड़ 92 लाख 40 हजार 438 रुपए की संपत्ति है।
रोहिणी आचार्य के पास 495 ग्राम सोना, 5.50 कि लो ग्राम सिल्वर और कई बहुमूल्य स्टोन है। वहीं उनके पति समरेश सिंह के पास 390 ग्राम सोना, 4 किलो चांदी और कई बहुमूल्य स्टोन हैं। उनके तीन बच्चे हैं, जिनका नाम अयन्ना सिंह, आदित्य सिंह और अरिहंत सिंह है। उनकी पुत्री अयन्ना सिंह के पास 335 ग्राम गोल्ड, पुत्र आदित्य सिंह के पास 185 ग्राम और पुत्र अरिहंत सिंह के पास 150 ग्राम गोल्ड है। मिली जानकारी के अनुसार, रोहिणी पर किसी बैंक का लोन नहीं है, जबकि पति समरेश सिंह एचडीएफसी बैंक से लोन ले चुके हैं। रोहिणी ने अपनी आमदनी का स्रोत किराया से बताया है। वह 44 की उम्र में इतनी संपत्ति की मालकिन है।
बता दें कि सारण लोकसभा सीट से राजद प्रत्याशी रोहिणी आचार्य का मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार राजीव प्रताप रूडी से है। सारण की जंग काफी दिलचस्प रही है। 2009 में इस सीट पर लालू यादव ने कब्जा किया था और रूडी को हराया था। वहीं 2014 में आरजेडी ने इस सीट से राबड़ी देवी को खड़ा किया था, लेकिन राजीव प्रताप रूडी ने उन्हें हरा दिया। 2019 में रूडी एक बार फिर से जीते, उन्होंने लालू यादव के समधी चंद्रिका राय को हराया था।