भागलपुर: जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय में रैगिंग का मामला सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नेशनल मेडिकल कमीशन तक शिकायत पहुंचने के बाद संस्थान ने आंतरिक जांच कराई। प्रारंभिक जांच में रैगिंग से जुड़ी शिकायत सही पाई गई है।
जांच के दौरान प्रबंधन को एक फर्जी प्रोस्पेक्टस मिला। जांच में सामने आया कि यह प्रोस्पेक्टस कॉलेज प्रशासन ने जारी नहीं किया था, बल्कि इसे संस्थान के कुछ पूर्व सीनियर छात्रों ने तैयार किया था। इस दस्तावेज में जूनियर छात्र-छात्राओं के लिए ड्रेस कोड तय किया गया था और कुछ छात्रों को कथित तौर पर निशाना बनाने के लिए चिन्हित किया गया था।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य डॉ. संदीप लाल ने एंटी रैगिंग कमेटी के साथ लंबी बैठक की। बैठक में मिले साक्ष्यों के आधार पर दो से तीन आरोपी छात्रों को एक सेमेस्टर के लिए निलंबित करने की कार्रवाई पर विचार चल रहा है। इसके साथ ही कुछ जूनियर छात्रों से भी इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
कॉलेज प्रबंधन फर्जी प्रोस्पेक्टस बनाने वालों के खिलाफ नजदीकी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी भी कर रहा है। जांच के दौरान सामने आए व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट के आधार पर कई अन्य छात्रों को कारण बताओ नोटिस देने की प्रक्रिया भी शुरू हो रही है।
इस घटना ने मेडिकल कॉलेज में छात्रों की सुरक्षा और परिसर की निगरानी व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है। फिलहाल जांच से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आगे की प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की तैयारी जारी है।


