Vikramshila Setu Repair Work: बिहार के पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने भागलपुर स्थित विक्रमशिला सेतु पर चल रहे पुनर्स्थापन और मरम्मत कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुल की मजबूती और यातायात को सुगम बनाने के लिए किए जा रहे तकनीकी कामों की ताजा स्थिति की समीक्षा की।
राज्य सरकार ने विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन और मरम्मत के लिए ₹126.25 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इस बजट के तहत पुल की संरचना को मजबूत करने और लोगों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम चल रहा है।
निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति के अनुसार, चार स्टील गर्डर ब्रिज (Steel Girder Bridge) की लॉन्चिंग पूरी हो चुकी है और अब इन चारों स्पैन पर डेक शीट लगाने का काम जारी है। आईआईटी पटना की रिपोर्ट के आधार पर नेविगेशनल स्पैन को मजबूत करने के लिए रेट्रोफिटिंग और स्ट्रेंथनिंग का काम किया जा रहा है। इसके अलावा V5-P1, P1-P2, P2-P3 और P3-P4 स्पैन में रैंप बनाने का काम भी चल रहा है।
पुल के सभी 67 स्पैन के एक्सपेंशन ज्वाइंट बदले जाने हैं, जिनमें से अब तक 20 ज्वाइंट बदले जा चुके हैं। नेविगेशनल स्पैन के कुल 40 बियरिंग में से 22 बियरिंग बदलने का काम पूरा हो गया है। वहीं, नॉन-नेविगेशनल स्पैन में तय योजना के मुताबिक 1 नया बियरिंग लगाया जा चुका है और बाकी बियरिंग की मरम्मत पूरी कर ली गई है।
सेतु के ऊपर से अनावश्यक भार कम करने के लिए पुराने फुटपाथ और रेलिंग को हटाकर उनकी जगह हल्की रेलिंग (Light Weight Railing) लगाई जा रही है। साथ ही, पुल और एप्रोच रोड की सड़क गुणवत्ता (Riding Quality) को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।
निरीक्षण के बाद पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार राज्य के प्रमुख बुनियादी ढांचों को सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पथ निर्माण विभाग इस काम को जल्द से जल्द पूरा कर जनता को समर्पित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
मंत्री ने आगे कहा कि विक्रमशिला सेतु भागलपुर और आसपास के जिलों के लिए एक बेहद अहम संपर्क मार्ग है। इस जीर्णोद्धार कार्य के पूरा होने से नागरिकों का दैनिक सफर सुरक्षित और आसान होगा तथा पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।


