Bihta Policeman Attacked: पटना जिले के बिहटा क्षेत्र में सड़क पर लगा जाम हटा रहे एक पुलिस जवान के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। कन्हौली ओपी क्षेत्र के बाजार में हुई इस घटना में जवान के सिर और चेहरे पर चोट लगी। हमले के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल पुलिसकर्मी की पहचान आलोक कुमार के रूप में हुई है। वह बिहटा के कन्हौली ओपी में पीटीसी अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। घटना के समय वह अपने साथियों के साथ सड़क से जाम हटवाने का काम कर रहे थे।
आलोक कुमार के अनुसार, जाम खुलवाने के दौरान दो युवक एक बाइक पर रॉन्ग साइड से वहां पहुंचे। जवान ने दोनों को रोका तो वे भड़क गए और विवाद शुरू हो गया। बहस के बाद दोनों युवकों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके नाक और मुंह से खून बहने लगा।
घटना के बाद घायल जवान को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आलोक कुमार ने बताया कि उन्होंने इस घटना की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी है।
इस मामले पर दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बयान दिया कि उन्हें अभी इस घटना की पूरी जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि जानकारी मिलते ही मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।


