Hazaribagh Road Accident: झारखंड के हजारीबाग जिले में सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना चौपारण थाना क्षेत्र के लराही रोड पर मलिकाना के पास दोपहर करीब तीन बजे हुई। एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने पहले बुलेट बाइक को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़े दो किशोरों को अपनी चपेट में ले लिया।
मृतकों की पहचान सिरमा गांव निवासी दिलीप यादव के 17 वर्षीय बेटे अमित कुमार और प्रकाश यादव के 16 वर्षीय बेटे पीयूष कुमार के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल 18 वर्षीय अमन कुमार सिंघरावां मोड़ के रहने वाले योगेंद्र यादव के बेटे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अमित और पीयूष मलिकाना के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान लराही की तरफ से बुलेट लेकर आ रहे अमन को सामने से आ रहे एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। अनियंत्रित वाहन ने पास खड़े दोनों छात्रों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी तेज थी कि अमित और पीयूष सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराए। दोनों के सिर और माथे पर गहरी चोटें आईं, जिससे उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घायल अमन को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल बरही पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही चौपारण थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरही भेज दिया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और मौके पर पहुंची पीयूष की मां बेटे का शव देखकर बेसुध हो गईं।
परिजनों ने बताया कि अमित प्लस टू उच्च विद्यालय डोईया में 11वीं कक्षा का छात्र था, जबकि पीयूष बहेरा स्थित सुरेखा पब्लिक स्कूल में 10वीं में पढ़ता था। दोनों सोमवार को स्कूल नहीं गए थे और दोपहर का खाना खाने के बाद घूमने निकले थे, तभी यह हादसा हो गया।
