Khagaria Encounter: जिले के चौथम थाना क्षेत्र के करुआमोड़ में हुए ट्रिपल हत्याकांड के मुख्य आरोपी मिथिलेश कुमार को पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सदर अस्पताल खगड़िया में भर्ती कराया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मिथिलेश कुमार दियारा इलाके में सक्रिय है। वह ट्रिपल हत्याकांड के अहम गवाह को नुकसान पहुंचाने के इरादे से उसकी रेकी कर रहा था। इस सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
सदर एसडीपीओ रमेश कुमार और चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार के साथ पुलिस, डीआईयू और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने दियारा क्षेत्र में दबिश दी। टीम को देखते ही आरोपी ने पुलिस पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिससे मिथिलेश कुमार के पैर में गोली लग गई। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और कई कारतूस बरामद किए।
घायल आरोपी को उपचार के लिए सदर अस्पताल खगड़िया लाया गया, जहां एसपी शैलेन्द्र सिंह ने मीडिया को घटना की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, करुआमोड़ ट्रिपल मर्डर के अलावा मिथिलेश कुमार पर दिल्ली और नेपाल में भी कई हत्याओं के आरोप हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी के इलाज और पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी है।


