दिल्ली प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त... बाहरी कमर्शियल वाहनों की एंट्री रोकने का दिया सुझाव

Razia Ansari
0

 

Delhi Air Pollution: दिल्ली और एनसीआर में लगातार खराब हो रही हवा की गुणवत्ता को सुधारने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को अहम संकेत दिए हैं। शीर्ष अदालत ने कहा है कि प्रदूषण पर काबू पाने के लिए राजधानी में केवल BS-VI मानकों वाले वाहनों को ही चलने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है।


भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहन की पीठ दिल्ली में वायु प्रदूषण से जुड़े मामले की सुनवाई कर रही थी। सुनवाई के दौरान पीठ ने मौखिक रूप से कहा कि वह इस बात को लेकर स्पष्ट है कि दिल्ली में और संभव हो तो पूरे एनसीआर क्षेत्र में सिर्फ BS-VI वाहनों के संचालन की इजाजत दी जानी चाहिए।


कमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर रोक का सुझाव 

प्रदूषण कम करने के दीर्घकालिक उपायों पर चर्चा करते हुए अदालत ने दिल्ली में बाहरी कमर्शियल वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद करने का सुझाव दिया। पीठ ने स्पष्ट किया कि ऐसा सिस्टम तैयार किया जाना चाहिए, जिससे भारी वाहनों पर रोक लगे लेकिन जरूरी सामानों की सप्लाई पर कोई असर न पड़े।


अदालत ने प्रस्ताव रखा कि दिल्ली की सीमाओं पर बड़े गोदाम (वेयरहाउस) बनाए जाएं, जहां दूसरे राज्यों से आने वाले ट्रक और कमर्शियल वाहन अपना माल उतार सकें। इसके बाद छोटे बैटरी चालित या प्रदूषण रहित वाहनों की मदद से यह सामान शहर के अंदर पहुंचाया जा सकता है। हालांकि, कोर्ट ने इस व्यवस्था को लेकर फिलहाल कोई औपचारिक आदेश पारित नहीं किया है।


पांच साल में तैयार हो सकता है नया सिस्टम 

सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि राजधानी के लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए फल, सब्जियां और अन्य जरूरी वस्तुओं की आवश्यकता होती है, इसलिए सप्लाई का वैकल्पिक मॉडल बनाना बेहद जरूरी है। पीठ ने माना कि सीमा पर गोदाम बनाने और ई-वाहनों से सप्लाई की व्यवस्था को तुरंत या अगले एक साल में लागू करना व्यावहारिक नहीं होगा। अदालत के मुताबिक, अगले 5 साल के भीतर इस योजना को धरातल पर उतारने की दिशा में काम किया जा सकता है।


पड़ोसी राज्यों से मांगी स्टेटस रिपोर्ट 

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वायु प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए केवल तात्कालिक कदम पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि दूरगामी परिणाम देने वाले फैसलों की जरूरत है। BS-VI मानक दोपहिया, तिपहिया, हल्के और भारी सभी प्रकार के वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को नियंत्रित करने के लिए लागू किए गए हैं।


इसके साथ ही अदालत ने दिल्ली के पड़ोसी राज्यों—पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश को भी प्रदूषण नियंत्रण में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा है। पीठ ने इन तीनों राज्यों को निर्देश दिया है कि वे एनसीआर में कण प्रदूषण (Particulate Pollution) कम करने के लिए अब तक उठाए गए कदमों का पूरा ब्योरा देते हुए अपनी स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करें।

Tags

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Out
Ok, Go it!
To Top