लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर लगातार नेताओं द्वारा चुनावी सभा को संबोधित किया जा रहा है। आए दिन बिहार बड़े-बड़े नेता अपनी पार्टी के प्रत्याशी को सपोर्ट करने के लिए और जनता से उनके लिए वोट मांगने के लिए चुनावी सभा को संबोधित कर रहे हैं। इसी कड़ी में 29 अप्रैल सोमवार को अमित शाह एकबार फिर बिहार दौरे पर आ रहे हैं। अमित शाह 8 दिन में ये दूसरी बार बिहार आ रहे हैं।
अमित शाह आज झंझारपुर और बेगूसराय में एक विशाल रैली को संबोधित करने वाले हैं। अमित शाह सुबह 11 बजे पटना पहुंचेंगे। वहां से वह हेलीकॉप्टर के जरिए जनसभा स्थल तक जाएंगे। वह सुबह 11.45 बजे झंझारपुर में स्थित लक्ष्मी नारायण दुर्गा मंदिर मैदान लौकहा में एक आमसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाह दोपहर 1.45 बजे के करीब बेगूसराय के जीडी कॉलेज मैदान में बीजेपी प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे।
इससे पहले अमित शाह ने औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत गुरारू में एक चुनावी सभा को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों के महागठबंधन पर जमकर हमला बोला था और केंद्र सरकार की तारीफ की थी। गुरारू में शाह ने दावा किया था कि मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर भारत दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विपक्षी दलों को लपेटते हुए शाह ने कहा था कि अभी झारखंड में कांग्रेस के सांसद के घर से साढ़े 300 करोड़ मिला है। नीतीश कुमार पर पिछले 23 साल से भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं लगा। उन्होंने कहा था कि अब सहारा के जमाकर्ताओं को उनका सारा पैसा दे देना है।