पंजाब में आप सरकार लगातार पूर्व मंत्रियों पर शिकंजा कस रही है। अब कैप्टर अमरिंदर सरकार में वन मंत्री रहे साधु सिंह धर्मसोत को घोटाले के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सोमवार की देर रात विजिलेंस की टीम ने साधु को गिरफ्तार किया। पकड़े गए ठेकेदार ने पूर्व मंत्री पर रिश्वत देने का खुलासा किया है। दो दलाल भी गिरफ्तार किए गए हैं।
मोहाली की फॉरेस्ट लैंड पर पर्मिशन देकर घोटाले का मामला
चंडीगढ़ के पास मोहाली की फॉरेस्ट लैंड पर पर्मिशन देने को लेकर पूर्व मंत्री पर बड़े घोटाले एवं रिश्वत लेने का आरोप है। विजिलेंस को आरोपियों ने बताया है कि एक पेड़ काटने के बदले साधु सिंह धर्मसोत को 500 रुपए रिश्वत देने पड़ते थे। नए पेड़ लगाने के लिए भी पैसे लेते थे। हाल में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना में घोटाले पर साधु सिंह पर कार्रवाई के संकेत दिए थे।
कैप्टन ने भी साधु को कैबिनेट से किया था बाहर
साधु सिंह धर्मसोत को कैप्टन अमरिंदर ने भी अपनी कैबिनेट से बाहर कर दिया था। कैप्टन ने कैबिनेट में फेरबदल कर पांच मंत्रियों को बाहर किया था, जिसमें साधु सिंह धर्मसोत भी थे। इनके अतिरिक्त बलबीर सिंह सिद्धू, गुरप्रीत कांगड़, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी और सुंदर शाम अरोड़ा थे।