बिहार में लोकसभा चुनाव को लेकर जहां एक ओर राजनीति पारा हाई है। वहीं दूसरी ओर कई मंत्रियों के बीच गहमा-गहमी भी बनी हुई है। 29 मार्च को अतंत: इंडी गठबंधन का सीट शेयरिंग हो ही गया। आरजेडी, कांग्रेस और लेफ्ट के बीच सीट शेयरिंग पर सहमति बनी है। सबसे ज्यादा सीटों पर लालू यादव की पार्टी RJD चुनाव लड़ेगी। वहीं, इस सब के बीच नीतीश सरकार के 2 वरिष्ठ मंत्रियों के खास IAS अधिकारियों का ट्रांसफर-पोस्टिंग किया गया है। दोनों अधिकारी अपने खास मंत्री के विभाग में गए हैं। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई है।
बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता और स्वास्थ्य और कृषि विभाग का जिम्मा संभाल रहे मंगल पांडेय के पीएस रहे शशांक शेखर सिन्हा को एक बार फिर से स्वास्थ्य विभाग में लाया गया है। ये पहले बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी थे। 2023 में ही आईएएस कैडर में प्रोन्नति दी गई है। प्रोन्नति के बाद इन्हें जल संसाधन विभाग में विशेष सचिव बनाया गया था। मंगल पांडेय के स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद शशांक शेखर सिन्हा को स्थानांतरित करते हुए स्वास्थ्य विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही इन्हें अगले आदेश तक अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
बता दें कि सीएम नीतीश के बेहद करीबी मंत्री विजय चौधरी के 2023 तक पीएस रहे नवीन को जल संसाधन विभाग के अपर सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। 2023 में ही नवीन को बिहार प्रशासनिक सेवा से IAS कैडर में प्रोन्नति दी गई थी। प्रमोशन के बाद इन्हें संसदीय कार्य विभाग जो विजय चौधरी के ही जिम्मे है, में अपर सचिव बनाया गया था। अब IAS अफसर नवीन को जल संसाधन विभाग के अपर सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। जय संसाधन विभाग और संसदीय कार्य विभाग दोनों विभाग के मंत्री विजय चौधरी ही हैं।