बिहार में लू का प्रचंड तांडव जारी है। राज्य के सभी जिलों में तापमान सामान्य से काफी अधिक रह रहा है। शुक्रवार को तो कई जिलों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। शेखपुरा में सबसे अधिक तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन में अब तक का सबसे अधिक तापमान है।
वहीं अन्य जिलों की बात करें तो औरंगाबाद (43.7 डिग्री), गोपालगंज (43.5 डिग्री), गया (43.1 डिग्री), खगड़िया (43.1 डिग्री), नवादा (43.1 डिग्री), बांका (42.7 डिग्री), रोहतास (42.6 डिग्री), भोजपुर (42.6 डिग्री), जमुई (42.6 डिग्री), नालंदा (42.2 डिग्री) और पटना (42.1 डिग्री) सहित कई जिलों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।
वहीं, भागलपुर और पूर्वी चंपारण में खतरनाक लू का असर देखने को मिला। लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी हुई। IMD ने हीट वेव के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर उत्तरी बिहार के लिए यह अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश और आंधी चलने की भी संभावना है। पूर्वी चंपारण, रोहतास और भभुआ में हल्की बारिश हो सकती है।
IMD के मुताबिक, शनिवार से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उसके आसपास के इलाके में पश्चिमी विक्षोभ के असर से अच्छी खासी बारिश होने का अनुमान है। इसका आंशिक असर बिहार के मौसम पर भी पड़ सकता है।
भीषण गर्मी के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मामले बढ़ रहे हैं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष रूप से सावधान रहने की आवश्यकता है।