रविवार को झारखंड की राजधानी रांची में इंडी गठबंधन की उलगुलान न्याय महारैली आयोजित की गई। इस रैली में इंडी गठबंधन ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया। इसके साथ ही केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। इंडिया ब्लॉक द्वारा जेल में बंद आप सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए रैली के मंच पर दो कुर्सियां खाली रखीं गईं।
झारखंड मुक्ति मोर्चा झामुमो दोनों के लिए कुर्सियां खाली रखी गई थीं, लेकिन हेमंत सोरने की पत्नी कल्पना सोरेन और सीएम केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल मंच पर बैठी थीं। अपने जीवनसाथी की गिरफ्तारी के बाद दोनों की पत्नियां स्पष्ट रूप से अपनी बड़ी राजनीतिक भूमिका के लिए तैयार हैं।
इस ‘उलगुलान न्याय महारैली’ का आयोजन झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) द्वारा किया गया था। इस रैली में बड़ी संख्या में इसके कार्यकर्ताओं सोरेन का मास्क पहनकर पहुंचे।
इस ‘उलगुलान न्याय महारैली’ में जुटी भीड़ व कार्यकर्ताओं ने ‘जेल का ताला टूटेगा, हेमन्त सोरेन छूटेगा’ और झारखंड झुकेगा नहीं जैसे नारे भी लगाये। रांची का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास होने के बावजूद भी चिलचिलाती गर्मी का सामना करते हुए कार्यकर्ता ‘उलगुलान न्याय महारैली’ के लिए एकत्र हुए।
बता दें कि हेमंत सोरेन को कथित भूमि धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने 31 जनवरी की रात को गिरफ्तार किया था और इसी केंद्रीय एजेंसी ने 21 मार्च को केजरीवाल को शराब नीति घोटाले से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था।