बिहार में नीतीश सरकार में तीन मंत्रियों का विभाग बदल दिया गया है। इसमें अपने विभाग में अपर मुख्य सचिव के साथ विवादों में रहे शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर यादव का भी विभाग बदला है। शिक्षा मंत्री चन्द्रशेखर के विभाग में बदलाव कर शिक्षा विभाग आलोक मेहता को दिया गया है। आलोक मेहता अब बिहार के नये शिक्षा मंत्री होंगे। वहीं चन्द्रशेखर को गन्ना विभाग का मंत्री बनाया गया है। जबकि पीएचईडी मंत्री ललित यादव को भू-राजस्व विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है।
केके पाठक की एंट्री होते ही चंद्रशेखर बाहर
नीतीश कैबिनेट में यह फेरबदल अप्रत्याशित भी है और इसकी संभावना पहले से बन भी रही थी। आमतौर पर नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में ऐसे बदलाव नहीं किए हैं। लेकिन इस बार यह बदलाव शिक्षा विभाग में मंत्री और अपर मुख्य सचिव केके पाठक के टकराव को लेकर संभावित भी था। जदयू केके पाठक के सपोर्ट में अड़ा था और राजद चंद्रशेखर के पक्ष में। इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच में चल रही तकरार का नतीजा यह रहा है कि छुट्टी पर गए केके पाठक के लौटते ही चंद्रशेखर की विदाई हो गई है।
सरकार पर संकट टालने का फार्मूला
दरअसल, नीतीश कुमार लगातार नाराज से बताए जा रहे थे और यह भी चर्चा चल रही थी कि राजद के साथ सरकार चलाने में वे कम्फर्टेबल अब नहीं हैं। लालू यादव और तेजस्वी यादव के साथ एक दिन पहले ही नीतीश कुमार की मुलाकात भी हुई थी। वहां से निकलने के बाद तेजस्वी यादव ने ऑल इज वेल कहा था। सूत्र बता रहे हैं कि राबड़ी आवास पर कुछ मंत्रियों के साथ राजद नेतृत्व की बैठक शुक्रवार को हुई थी। इसी बैठक में मंत्रियों को विभाग बदलने के लिए मनाया गया।