RAMGARH : जमीन विवाद दो पक्षों में रविवार दोपहर गोलीबारी हुई है। जिसमें दो लोगों को गोली लगी है। जिसमें एक की मौत हो गई है, जबकि 2 की हालत गंभीर बनी हुई है। कुज्जू थाना क्षेत्र के रांची-पटना मुख्य मार्ग पर टाटा मोटर्स के समीप जमीन विवाद में खूनी संघर्ष के बाद कैंट बोर्ड की नामित सदस्य कीर्ति गौरव सहित 5 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि रामगढ़ और रांची से कुछ लोग जमीन कब्जा के उद्देश्य से कुज्जू थाना क्षेत्र के टाटा मोटर्स के समीप जमीन घेरने के उद्देश्य से जेसीबी लेकर पहुंचे थे। इसी दरमियान ग्रामीणों का विरोध शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि लोग लाठी डंडा चलाने लगे। मारपीट के बाद गोलीबारी शुरू हो गई। फायरिंग में स्थानीय जानकी यादव की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि गोली से गंभीर रूप से घायल पवन यादव को रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया। मामले की खबर पाकर गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, रामगढ़ विधायक सुनीता चौधरी सहित विभिन्न दलों के नेतागण अस्पताल पहुंचकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। इस मामले के बाद गांव के लोगों में घटना को अंजाम देने वाले लोगों तथा स्थानीय पुलिस प्रशासन के विरुद्ध रोष व्याप्त है।
क्या है मामला
मामले के संबंध में विनोद यादव से मिली जानकारी के अनुसार हथमारा पोचरा में 15 डिसमिल जमीन के स्वामित्व तथा रास्ते को लेकर स्थानीय रैयत विनोद यादव तथा जमीन ब्रोकर के बीच विवाद चल रहा है। विनोद यादव द्वारा इस मामले के निपटारे के लिए गत 9 अगस्त को कुजू ओपी प्रभारी को लिखित आवेदन देते हुए न्याय की गुहार भी लगाई गई थी। परंतु कुजू पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। परिणाम स्वरूप रविवार 13 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे दूसरे पक्ष उक्त विवादित जमीन पर पहुंचा। उन लोगों ने बुलडोजर मंगवा कर दीवार को गिरा दिया। इस पर दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा विरोध जताने पर मारपीट हो गई। लाठी डंडे चलने लगे। इसी दौरान एक पक्ष में आए एक व्यक्ति द्वारा रिवाल्वर निकाल कर गोली चला दी गई। इस घटना में सोमरा यादव उर्फ जानकी यादव के सीने में गोली लगी। वहीं दूसरी गोली पवन यादव पिता अर्जुन यादव के चेहरे को भेदते हुए गर्दन में फंस गई। जबकि लाठी डंडे से संतोष यादव पिता मालदेव यादव के पैर में गंभीर चोटें आई।
जानकारी लेने पहुंचे सांसद विधायक
मामले की खबर मिलते हीं गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, उनकी पत्नी रामगढ़ विधायक सुनीता चौधरी, आजसू मांडू विधानसभा प्रभारी तिवारी महतो, योगेश बेदिया, मनोज महतो, कांग्रेस नेता बलजीत सिंह बेदी, शंकर मिश्रा सहित अन्य नेतागण वृंदावन अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। सभी नेताओं ने जिले में बढ़ते अपराध पर चिंता जताई। गोलीबारी की घटना पर सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने हेमंत सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि झारखंड वह राज्य है, जो खनिज संपदा व विकास के नाम पर किसी समय नंबर वन आता था। आज यह राज्य अपराध में नंबर वन आ गया है। पूरे राज्य में विधि व्यवस्था चौपट हो गई है। खासकर रामगढ़ का कहना ही क्या है। यहां अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। विधि व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। रामगढ़ जिले में पुलिस पदाधिकारियों को अपराधी निशाना बना रहे हैं। ऐसे में आम जनता खुद को कितना सुरक्षित समझेगी। जिले की जनता भगवान भरोसे और अपराधियों के रहमो-करम पर है कब तक जिंदा है।
डीजीपी के आदेश की अवहेलना
चार दिनों पूर्व राज्य के डीजीपी ने पुलिस पदाधिकारी के साथ बैठक करते हुए सख्त निर्देश दिया था कि सभी पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में विधि व्यवस्था को दुरुस्त करें। साथ हीं पुलिस पदाधिकारी को सचेत किया था कि भूमि विवाद के मामले में अगर किसी प्रकार की कोई घटना घटती है तो इसके लिए संबंधित थानेदार दोषी माने जाएंगे। उन पर विभागीय कार्रवाई होगी। डीजीपी के इस निर्देश के बावजूद कुजू क्षेत्र में भूमि विवाद के मामले में गोलीबारी हुई। एक व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी। ऐसे में अब यह देखना होगा कि ऐसे पुलिस पदाधिकारी के विरुद्ध डीजीपी द्वारा क्या कार्रवाई की जाती है।