झारखंड में कांग्रेस ने अपने तीन और लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने आखिरकार गोड्डा, चतरा और धनबाद सीट पर अपना उम्मीदवार फाइनल कर लिया है। इसके साथ ही इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस के कोटे में आए 7 सीटों में से 6 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिया गया है। अब कांग्रेस को सिर्फ रांची सीट पर प्रत्याशी के नाम का ऐलान करना है।
कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया X पर लिस्ट जारी कर दिया है। जहां चतरा से केएन त्रिपाठी, धनबाद से अनुपमा सिंह और गोड्डा से दीपिका पांडेय सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। इस बीच खास बात यह रही कि कांग्रेस ने बेरमो से विधायक जय मंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह की पत्नी अनुपमा सिंह को धनबाद से प्रत्याशी बनाया है।
वहीं, 2019 के चुनाव में महागठबंधन के तहत गोड्डा सीट जेवीएम के खाते में गई थी। तब प्रदीप यादव चुनाव लड़े थे। जेवीएम के भाजपा में विलय के बाद प्रदीप यादव कांग्रेस में शामिल हो गए थे और कांग्रेस की टिकट की आस लगाए बैठे थे लेकिन पार्टी ने पुरानी कार्यकर्ता दीपिका पांडे सिंह को तवज्जो दिया।
सूत्रों के मुताबिक चंपाई सोरेन सरकार में मंत्री बन्ना गुप्ता रांची से प्रत्याशी बनाए जाने के लिए जोर-शोर से जुटे हुए हैं। वहीं सुबोधकांत सहाय अपने क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। इससे पहले कांग्रेस ने खूंटी में कालीचरण मुंडा, लोहरदगा में सुदर्शन भगत और हजारीबाग में जेपी पटेल को प्रत्याशी घोषित किया था।