पिछले 24 घंटों में झारखंड की राजधानी रांची समेत कई जिलों में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा. दोपहर में तेज धूप और लू के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया। बहरागोड़ा में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे अधिक है. वहीं, जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. बहरागोड़ा, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो और सरायकेला में लू का प्रकोप रहा.
मौसम विभाग के मुताबिक आगे भी राज्य में गर्मी का कहर जारी रहेगा. रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि झारखंड में अभी भी भीषण गर्मी की स्थिति बनी हुई है. लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है. दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें, क्योंकि इस समय लू चलने की संभावना 90% तक होती है।
मौसम विभाग की ओर से गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, देवघर, दुमका, जामताड़ा, धनबाद, पलामू, गुमला, कोडरमा, गिरिडीह, पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला जिले में हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों के लोगों को विशेष सावधानी बरतने और दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है.
इस चिलचिलाती गर्मी में डिहाइड्रेशन से बचने के लिए पानी और इलेक्ट्रोलाइट युक्त पेय पदार्थ पीते रहें। हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें। धूप से बचने के लिए टोपी, स्कार्फ या छाते का प्रयोग करें। त्वचा को धूप से बचाने के लिए सनस्क्रीन का प्रयोग करें। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को खास ख्याल रखने की जरूरत है.