Suman Patel: बिहार से निकलकर मनोरंजन जगत में कदम रखने वाली अभिनेत्री सुमन पटेल ने रंगमंच से लेकर फिल्मों और डिजिटल प्लेटफॉर्म तक अपनी जगह बनाई है। नई दिल्ली के नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से अभिनय का प्रशिक्षण लेने के बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा और OTT के कई चर्चित प्रोजेक्ट्स में काम किया। अब वह अभिनय के साथ-साथ फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी सक्रिय हो गई हैं।
सुमन पटेल के करियर की नींव थिएटर से तैयार हुई। NSD में पढ़ाई के दौरान उन्होंने संवाद अदायगी, आवाज के उतार-चढ़ाव, शारीरिक भाषा और किरदारों की भावनाओं को पर्दे पर उतारने की बारीकियां सीखीं। रंगमंच से मिले इसी अनुभव ने उन्हें बड़े पर्दे और वेब सीरीज में अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाने का आत्मविश्वास दिया।
बड़े पर्दे पर सुमन ने साल 2017 में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। उन्होंने श्रीदेवी अभिनीत फिल्म 'मॉम' में मिसेज पांडेय का किरदार निभाया और इसी साल वह 'अनारकली ऑफ आरा' में भी नजर आईं। इसके बाद उन्होंने 2018 में 'ट्रू लव प्यार के पंछी', 2023 में 'जोगीरा सारा रा रा' (सरिता के किरदार में) और 2025 में 'सरपंच साहब' जैसी फिल्मों में काम किया।
फिल्मों के अलावा सुमन ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अपनी पहचान मजबूत की है। उन्होंने नेटफ्लिक्स की चर्चित क्राइम ड्रामा सीरीज 'दिल्ली क्राइम' और इसके तीसरे सीजन में शबनम की भूमिका निभाई। हाल ही में वह कीर्ति सुरेश अभिनीत सीरीज 'अक्का' में युवा सुब्बम्मा के किरदार में दिखाई दी हैं।
अभिनय में लगातार काम करने के बाद अब सुमन पटेल निर्माता के तौर पर अपनी नई पारी शुरू कर रही हैं। उनकी आने वाली शॉर्ट फिल्म 'Echoes of the Absent' बिहार के एक गांव की कहानी पर आधारित है। खास बात यह है कि इस फिल्म की पूरी शूटिंग बिहार में ही की गई है।
इस शॉर्ट फिल्म के जरिए ग्रामीण परिवेश और वहां की संवेदनाओं को सिनेमा के माध्यम से सामने लाने का प्रयास किया गया है। फिलहाल इस फिल्म को दुनिया के विभिन्न अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में भेजा जा रहा है। कैमरे के सामने अभिनय करने के बाद अब कहानी, पटकथा और प्रोडक्शन से जुड़कर सुमन अपने सिनेमाई सफर को नया विस्तार दे रही हैं।
