एचपीवी टीके में बिहार अव्वल राज्यों में... 100% लक्ष्य पूरा

Razia Ansari
0

 


HPV Vaccination Bihar: सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चल रहे राष्ट्रीय एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान में बिहार ने निर्धारित लक्ष्य का 100 प्रतिशत कवरेज पूरा कर लिया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाले देश के छह राज्यों में बिहार शामिल है। कुल टीकाकरण के आंकड़ों के लिहाज से बिहार देश में दूसरे स्थान पर है।


केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने 21 नवंबर 2026 को बताया कि देशभर में एक करोड़ से ज्यादा एचपीवी टीके लगाए जा चुके हैं। इस आंकड़े में बिहार का योगदान अहम रहा है। उत्तर प्रदेश के बाद बिहार में सबसे अधिक किशोरियों का टीकाकरण हुआ है।


13.67 लाख से अधिक किशोरियों को मिला टीका


यू-विन (U-WIN) पोर्टल के 19 नवंबर 2026 के आंकड़ों के अनुसार, बिहार में 13,62,000 किशोरियों के लक्ष्य के मुकाबले 13,67,050 टीके दर्ज किए गए। तय लक्ष्य से अधिक टीकाकरण दर्ज होने के साथ राज्य ने अपना लक्ष्य पूरा कर लिया।


इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने आधिकारिक बयान में कहा कि 100 प्रतिशत कवरेज और देश में दूसरा स्थान मिलना राज्य के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्यकर्मियों की संयुक्त मेहनत से यह परिणाम आया। स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि सरकार बेटियों के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है तथा ‘सात निश्चय-3’ के तहत ‘सुलभ स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन’ के संकल्प के साथ पात्र किशोरियों तक सेवाएं पहुंचाती रहेगी।


देशभर में एक करोड़ से अधिक खुराक, प्रधानमंत्री का बयान


प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 28 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की थी। नौ महीने से कम समय में देशभर में एक करोड़ से अधिक टीके लग चुके हैं और राष्ट्रीय स्तर पर करीब 87 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हुआ है।


प्रधानमंत्री ने 23 नवंबर को इस आंकड़े पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की दिशा में अहम कदम बताया। अभियान के तहत 14 वर्ष की पात्र किशोरियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर अभिभावकों की सहमति से निःशुल्क टीका मिल रहा है।


यू-विन पोर्टल से निगरानी और डिजिटल प्रमाणपत्र


अभियान के पंजीकरण, टीकाकरण रिकॉर्ड और डिजिटल प्रमाणपत्र की निगरानी यू-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए हो रही है। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य पात्र किशोरियों में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को घटाना है। राज्य सरकार के अनुसार, यह व्यवस्था ‘सात निश्चय-3’ की ‘सुलभ स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन’ प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाती है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Out
Ok, Go it!
To Top