नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने परिसीमन विधेयक तथा नारी शक्ति अधिनियम को लेकर अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि वे और उनकी पार्टी इन दोनों विषयों का लगातार समर्थन करते आए हैं। चिराग के अनुसार, सरकार संसद में सीटों की संख्या एक-तिहाई बढ़ाने का प्रस्ताव लाई है, जिससे महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करते समय मौजूदा सांसदों की सीटें नहीं घटेंगी।
चिराग पासवान ने बताया कि दोनों मुद्दों को साथ जोड़कर देखने को लेकर उन पर अक्सर सवाल उठते हैं और आरोप लगते हैं। उनके मुताबिक, विपक्ष कई बार मांग करता है कि मौजूदा 543 लोकसभा सीटों के ढांचे में ही महिला आरक्षण लागू कर देना चाहिए। चिराग ने दावा किया कि इस विषय पर विभिन्न दलों के साथ औपचारिक और अनौपचारिक स्तर पर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि कई दलों के सांसदों को अपनी सीट जाने की चिंता सताती है।
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को पहले अपने सांसदों से पूछना चाहिए कि वे मौजूदा स्थिति में बदलाव के लिए तैयार हैं या नहीं। चिराग ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर केवल राजनीति कर रही है। उनके अनुसार, इसी वजह से इंडिया गठबंधन में दरार दिख रही है और कई सहयोगी दल सरकार के साथ आ रहे हैं, जबकि कांग्रेस इस विषय पर अलग-थलग पड़ती जा रही है।


