अखिलेश यादव ने जारी किया सपा का 2027 मेनिफेस्टो... 25 लाख सरकारी नौकरी का वादा

Razia Ansari
0

 

लखनऊ में संविधान दिवस के मौके पर 2027 विधानसभा चुनाव के लिए 'पीडीए प्रणपत्र' जारी करते सपा प्रमुख अखिलेश यादव।

Samajwadi Party Manifesto 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने संविधान दिवस के अवसर पर पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इसे '27 का संकल्प पीडीए प्रणपत्र: जन-मन का मेनिफेस्टो 2027' नाम दिया गया है।

Also Read: UP में सीट शेयरिंग पर चिराग की दो टूक- मैं बंधुआ मजदूर नहीं

मेनिफेस्टो जारी करते हुए अखिलेश यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग अपनी सरकार बनाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर पार्टी किसानों, युवाओं, महिलाओं और कर्मचारियों से किए गए सभी वादों को पूरा करेगी।


युवाओं को 25 लाख नौकरी और 5 हजार रुपये भत्ता देने का वादा 

सपा प्रमुख के अनुसार, पार्टी की सरकार बनने पर पांच वर्षों में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और अन्य क्षेत्रों में 2 से 3 करोड़ रोजगार उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने घोषणा की कि जब तक किसी ग्रेजुएट युवा को नौकरी या रोजगार नहीं मिल जाता, तब तक उसे हर महीने 5 हजार रुपये का पोषण भत्ता दिया जाएगा। इसके अलावा, शहरी युवाओं के लिए 'शहरी रोजगार अधिनियम' लाने और बड़े शहरों में छात्र-छात्राओं के लिए आवासीय छात्रावास बनाने का भी दावा किया गया है।


पेपर लीक रोकने के लिए मंत्री और अधिकारी होंगे जिम्मेदार 

भर्ती प्रक्रियाओं पर बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकारी पदों को पारदर्शी तरीके से भरने के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी होगा और सभी परीक्षाएं समय पर होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि पेपर लीक रोकने के लिए ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी, जिसमें गड़बड़ी होने पर संबंधित अधिकारी और मंत्री व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।


शिक्षा का बजट बढ़ाने और लैपटॉप योजना फिर शुरू करने का ऐलान 

घोषणापत्र में शिक्षा क्षेत्र को लेकर कई बड़े दावे किए गए हैं। सपा ने वादा किया है कि राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) का 6 प्रतिशत हिस्सा शिक्षा पर खर्च किया जाएगा। वर्तमान सरकार द्वारा बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को फिर से शुरू करने और 12वीं पास विद्यार्थियों के लिए लैपटॉप वितरण योजना को दोबारा लागू करने की बात कही गई है। साथ ही, सभी प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों में वाई-फाई सुविधा और एडेड स्कूलों को 5 हजार रुपये का विशेष अनुदान देने का भी वादा है।


जातिगत जनगणना, आरक्षण और 5 रुपये में थाली 

समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में जातिगत जनगणना कराने का वादा किया है, ताकि विभिन्न जातियों की आर्थिक-सामाजिक स्थिति के अनुसार योजनाएं बन सकें। घोषणापत्र के प्रमुख बिंदुओं में ये शामिल हैं:

  • सरकारी सेवाओं में बैकलॉग पदों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाया जाएगा और आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।

  • 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित और पीडीए वर्ग के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।

  • दलित उद्यमियों के लिए स्टार्टअप फंड बनेगा और अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए अलग बोर्ड का गठन होगा।

  • गरीबों और महिलाओं के लिए प्रदेश भर में 'समाजवादी कैंटीन' खुलेंगी, जहां 5 रुपये में थाली मिलेगी। बुजुर्ग महिला कारीगरों को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन दी जाएगी।


किसानों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी और 300 यूनिट मुफ्त बिजली 

कृषि और ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं को साधने के लिए सपा ने सभी 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने का वादा किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनते ही किसानों की कर्जमाफी लागू होगी। गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे में सुनिश्चित करने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाया जाएगा। इसके साथ ही, सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का ऐलान किया गया है।


10 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल 

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सपा ने 'राज्य स्वास्थ्य नीति 2027' लाने की बात कही है। इसके तहत गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) रहने वाले नागरिकों को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा और सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज देने का दावा किया गया है। घोषणापत्र के मुताबिक, प्रदेश के सभी 18 मंडलों और ग्रामीण क्षेत्रों में 5 सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल खोले जाएंगे। सभी जिला अस्पतालों को अपग्रेड किया जाएगा और 108 व 102 एंबुलेंस नेटवर्क को आधुनिक लाइफ सपोर्ट सिस्टम के साथ फिर से मजबूत किया जाएगा।




Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Out
Ok, Go it!
To Top