लोकसभा चुनाव के पहले चरण की सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया आज पुरी हो गई है। इस बीच पार्टियों द्वारा पूरी तैयारी की जा रही है। कहीं-कहीं अभी भी उथल-पुथल जारी है। इस सब के बीच BJP के पूर्व सांसद रामटहल चौधरी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं। इसके साथ ही यह तय हो गया कि सुबोधकांत सहाय की जगह लोकसभा चुनाव 2024 में रांची संसदीय सीट से रामटहल चौधरी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है।
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा और झारखंड कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ठाकुर और मंत्री आलमगीर आलम भी मौजूद थे।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने इस अवसर पर कहा कि रामटहल चौधरी झारखंड की राजनीति में बड़ा नाम हैं। समाज के लिए 40 साल से काम करते रहे हैं। उनकी एक अलग छवि है। 2 बार विधायक रहने के बाद 5 बार रांची के सांसद रहे। उन्होंने चार दशक तक जनता की आवाज हर स्तर पर बुलंद की। राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ से प्रभावित होकर आज इन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। इनके कांग्रेस में शामिल होने से झारखंड में पार्टी को मजबूती मिलेगी।