झारखंड के गोड्डा में दर्दनाक सड़क हो गया। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक सवार युवक नशे में धुत्त थे। इस घटना को लेकर गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार गाड़ी तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई जिसके चलते दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
जानकारी के अनुसार, भलुआ गांव के 24 वर्षीय शिवचरण साह और पड़ोसी 19 वर्षीय सनोज मिर्धा दोनों दोस्त घोरीचक से शुक्रवार देर रात बाइक पर सवार होकर वापस गांव लौट रहे थे। भुस्का हाट के नजदीक बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे मिट्टी के ढेर से टकराते हुए पास के वृक्ष से जा टकराई, जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों शराब के नशे में धुत्त थे। सूचना पर पुलिस अवर निरीक्षक विधान पटेल ने दोनों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां सनोज मिर्धा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, शिवचरण साह को प्राथमिक उपचार के पश्चात बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भागलपुर रेफर किया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। शनिवार की सुबह दोनों के शव को थाना लाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अंत्यपरीक्षण हेतु जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी नीतीश अश्विनी और पुलिस अवर निरीक्षक विधान पटेल ने बताया कि दोनों युवक भलुआ गांव के रहने वाले थे। देर रात दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में भुस्का हाट के नजदीक हादसे में दोनों की मौत हो गई। दोनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहनी थी। इसलिए हादसा हो गया।