बिहार में पहले चरण का चुनाव प्रचार अभियान अब अपने चरम पर आ चुका है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को बिहार के जमुई और बांका में जनसभा को संबोधित करेंगे। जमुई क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी अरुण भारती के पक्ष में रैली करेंगे। अरुण भारती चिराग पासवान के जीजा हैं। लोकजनशक्ति पार्टी रामविलास के एक्स हैंडल से इसकी जानकारी दी गई है।
रक्षा मंत्री सुबह नयी दिल्ली से देवघर से होते हुए दोपहर 12 बजे सबसे पहले जमुई पहुंचेंगे। वे जमुई के श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में आयोजित जनसभा में एनडीए से चिराग रामविलास के उम्मीदवार अरुण भारती के पक्ष में वोट मांगेंगे। इसके बाद श्री सिंह बांका के लिए रवाना हो जायेंगे। बांका के शंभुगंज स्थित हाइ स्कूल मैदान पर दोपर 2.30 बजे उनकी दूसरी चुनावी जनसभा होगी। दूसरे चरण में निर्धारित बांका लोकसभा सीट से एनडीए ने जदयू के गिरधारी यादव को उम्मीदवार बनाया है। रक्षा मंत्री बांका में जनसभा को संबोधित करने के बाद देवघर होते हुए वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जायेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जमुई में चुनाव प्रचार कर चुके हैं। 4 अप्रैल को उन्होंने चुनावी जनसभा को संबोधित किया था। बिहार की जिन 4 सीटों पर पहले फेज के तहत मतदान होना है। उनमें जमुई, नवादा, गया और औरंगाबाद शामिल है। जमुई और गया सुरक्षित सीट है। वहीं, इन चारों सीटों पर 19 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। 17 अप्रैल को प्रचार का अंतिम दिन है।