छपरा में महापौर के चुनाव संपन्न होने के उपरांत आज जिलाधिकारी कार्यालय में नव निर्वाचित महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता को अपने कार्यालय में शपथ दिलाई। जिसके बाद आज से छपरा नगर निगम को अपना नया महापौर मिल गया। इस अवसर पर शपथ ग्रहण के उपरांत नए महापौर लक्ष्मी नारायण ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पहले छपरा की जनता का आभारी हूं, जिन्होंने मुझ पर अपना आशीर्वाद देकर विश्वास जताया। उनके विश्वास पर खरा उतरना है। और छपरा नरक निगम को छपरा नगर निगम बनाना है। साथ ही जल निकासी की व्यवस्था करनी है। जिससे बरसात के समय लोगों को जो परेशानी झेलनी पड़ती है, वो नहीं झेलनी पड़े। उसके बाद छपरा नगर निगम को आदर्श नगर निगम बनाना है, जो अन्य जिलों से अलग होगा। बड़े शहरों के तर्ज पर इसका विकास होगा।